लखनऊ, 9 अप्रैल 2025 – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों और नेताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि मौजूदा सरकार में गरीबों, किसानों और आम जनता पर अत्याचार की सीमा पार हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में रहकर दबंगों और अपराधियों को संरक्षण दे रही है, जिसके कारण प्रदेश में अपराध की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा समाज में नफरत और वैमनस्यता फैलाना है, और यह सरकार अराजक तत्वों को प्रोत्साहित कर रही है।
उन्होंने कहा, “महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। बलात्कार और हत्या की घटनाएं आम हो गई हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और महिलाओं का जीवन सुरक्षित नहीं रहा।”
अखिलेश यादव ने भाजपा पर भूमाफियाओं को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ और कानपुर में जमीन से जुड़ी रजिस्ट्रियों को सार्वजनिक किया जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किसने कितनी जमीन पर कब्जा किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आठ वर्षों में विकास का कोई कार्य नहीं किया है, बल्कि लूट, भ्रष्टाचार और शोषण को बढ़ावा दिया है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) गठबंधन भाजपा को सत्ता से बाहर करने की ताकत रखता है।
करणी सेना को लेकर भी अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह संगठन हिटलर के टूपर्स की तरह काम कर रहा है और इसे सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी सीधे मुख्यमंत्री की होगी।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष श्री माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद श्री जावेद अली, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल सहित महाराष्ट्र, केरल और उत्तर प्रदेश के कई नेता और विधायक मौजूद रहे।
Thanks for Connecting with KN Live 24