Rekha Gupta Delhi CM: रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की सीएम, बीजेपी विधायक दल ने महिला नेता के नाम पर लगाई मुहर

मो. उवैस खान
0
चुनाव नतीजे आने के 11 दिन बाद आखिर दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी है। नई सरकार में सीएम पद की दौड़ में आगे रहे प्रवेश वर्मा उप-मुख्यमंत्री बनाए गए हैं।
रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का स्पीकर चुना गया है। रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा बुधवार को दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान में भव्य समारोह में शपथ लेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी शपथ ग्रहण करेंगे।
बीजेपी आलाकमान ने विधायक दल की बैठक की निगरानी के लिए वरिष्ठ नेता ओ.पी. धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। दिल्ली में बीजेपी ने 27 साल बाद बड़ी जीत हासिल की है। 8 फरवरी को घोषित नतीजों में बीजेपी को 70 में से 48 सीटें मिली थीं। नतीजों के 11 दिन बाद मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय किया गया, जिसे लेकर आम आदमी पार्टी लगातार सवाल उठा रही थी।
चुनाव परिणाम आने के बाद बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही थी, जिनमें प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे था। प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। वे पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं और वर्तमान में देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। वे शालीमार बाग सीट से विधायक हैं, जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बंदना कुमारी को 29,595 वोटों के अंतर से हराया। रेखा गुप्ता को कुल 68,200 वोट मिले, जबकि बंदना कुमारी को 38,605 वोट और कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण जैन को मात्र 4,892 वोट प्राप्त हुए।
रेखा गुप्ता बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और हरियाणा के जींद से ताल्लुक रखती हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गई थीं। हालांकि, पिछले दो विधानसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।


Post a Comment

0 Comments

Thanks for Connecting with KN Live 24

Post a Comment (0)
To Top